मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली की तबियत अचानक बिगड़ गई है। उन्हें ठाणे के आकृति हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 52 साल के कांबली की हालत गंभीर है। शनिवार रात उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हाल ही में कोच रमाकांत आचरेकर कार्यक्रम में विनोद कांबली नजर आए थे। इस दौरान उनका सचिन तेंदुलकर के साथ वीडियो भी वायरल हुआ था। कोच आचरेकर समारोह में कांबली, सचिन का हाथ कस कर थाम लेते हैं। फिर एंकर आता है और कांबली को हाथ छोड़ने को लेकर समझाता है। आखिर में फिर सचिन उनसे दूर हो जाते हैं। यहां कांबली के चेहरे पर निराशा नजर आती है। बता दे कि कांबली का 4 महीने पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे चल नहीं पा रहे थे। वीडियो में कांबली एक बाइक के पास खड़े रहते हैं। फिर कुछ देर में लड़खड़ाने लगते हैं। एक व्यक्ति आगे बढ़कर सहारा देता है। 52 वर्षीय कांबली हार्ट संबंधी समस्याओं के अलावा डिप्रेशन से जूझ रहे हैं। वे दवाएं ले रहे हैं। उन्हें रेगुलर हॉस्पिटल जाना पड़ रहा है। कांबली को साल 2013 में दिल का दौरा भी पड़ चुका है।