उज्जैन । आज रात 12:00 क्रिसमस का पर्व मनाया जाएगा। क्रिसमस को लेकर चर्च आकर्षक रोशनी से सजा दिए गए हैं। घरों में विशेषकर क्रिसमस ट्री सजाए जा रहे हैं। शहर के कैथोलिक चर्च में भी सजावट तकरीबन पूरी हो गई है। क्रिसमस सेलिब्रेशन की हर कोई तैयारी कर रहा है। कोई अपने घरों को सजाने की तैयारी में जुटा हुआ है तो कई स्वादिष्ट केक बनाने की योजना बना रहा है। सोमवार दोपहर कैथोलिक चर्च में क्रिसमस को लेकर एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान फादर बिशव सेबास्टियन वडकेल ने केक काटकर सभी को क्रिसमस की बधाई दी।
कैथोलिक चर्च को भी रंग रोगन के साथ ही रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। आज 24 दिसंबर की मध्य रात्रि को एक प्रार्थना सभा का आयोजन चर्च में किया जाएगा। सोमवार दोपहर क्रिसमस को लेकर कैथोलिक चर्च में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई कैथोलिक चर्च के बिशव सेबास्टियन वडकेल ने बताया कि प्रभु यीशु का जन्म मानव जाति के उद्धार के लिए हुआ था। परमेश्वर ने मानव रूप से जन्म लिया था। समाज जन प्रतिवर्ष उत्सव के साथ प्रभु यीशु का जन्मोत्सव मनाता है। चर्च के फादर किसिंचर ने बताया कि मानव जाति का उद्धार करने के लिए पृथ्वी पर मानव रूप में जन्म लेने वाले प्रभु यीशु का जन्म उत्सव क्रिसमस के रूप में ईसाई समाज मानता है।
24 दिसंबर की रात प्रार्थना सभा के साथ जश्न
25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व की पूर्व संध्या पर कैथोलिक चर्च में उत्सव का माहौल दिखाई देगा। 24 दिसंबर की रात 10:30 बजे से प्रार्थना सभा की शुरुआत होगी। बिशप प्रभु जन्म संदेश का वाचन करेंगे। उसके बाद रात 11:45 पर चर्च परिसर में जुलूस निकाला जाएगा। ठीक रात 12:00 बजे प्रभु यीशु के जन्म का उत्सव होगा। चर्च परिसर में आग जलाई जाएगी और प्रभु के जन्म से जुड़ी परंपरा को पूरा किया जाएगा। उसके बाद परिसर में उत्सव को माहौल छा जाएगा। मसीह चर्च में 25 दिसंबर की सुबह क्रिसमस की आराधना होगी।