लखनऊ/गाजीपुर। लखनऊ के इंडियन ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर काटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों को 4 घंटे के अंदर मार गिराया। पहला एनकाउंटर लखनऊ में सोमवार रात साढ़े 12 बजे हुआ। दूसरा एनकाउंटर लखनऊ से 350 किलोमीटर दूर गाजीपुर के गहमर में तड़के साढ़े 4 बजे हुआ। लखनऊ में सोबिंद कुमार मारा गया। वह कार से जा रहा था। गाजीपुर में सन्नी दयाल मारा गया। वह बाइक से साथी के साथ जा रहा था। दोनों बदमाशों को पुलिस ने घेरा तो फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों को दो-दो गोली लग गई। दोनों ने अस्पताल में दम तोड़ा। सन्नी का साथी फरार हो गया। शनिवार रात लखनऊ के चिनहट में इंडियन ओवरसीज बैंक में चोरी हुई थी। दीवार काटकर लुटेरे 42 लॉकर से गहने ले गए थे। राजधानी में हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। घटना में 7 बदमाशों के नाम सामने आए। अब तक 2 मारे जा चुके हैं। 3 गिरफ्तार हैं। दो फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।