सीएम डॉ. मोहन यादव सांवेर के चित्तौड़ा में भागवत कथा में पहुंचे, संत कमल किशोर नागर महाराज की प्रशंसा की

इंदौर। इंदौर जिले के सांवेर स्थित चित्तौड़ा में आयोजित श्रीमद्भागवत गौशाला के भागवत कथा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा सनातन संस्कृति का अपना विशेष महत्व है। मनुष्य जीवन सत्कर्म के लिए ही प्राप्त हुआ है। कथा श्रवण के माध्यम से हमें जीवन दर्शन की राह मिलती है, जो सदैव हमें सद्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती है। गौमाता की सेवा भगवान की सेवा के समान है। मुख्यमंत्री ने संत श्री कमल किशोर नागर महाराज की सराहना करते हुए कहा कि वे गौसेवा के महान संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से मालवा, निमाड़, आदिवासी अंचल सहित प्रदेशभर में गौमाताओं के पालन का दायित्व निस्वार्थ भाव से निभाया जा रहा है, जो प्रशंसनीय और वंदनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नदी जोड़ो अभियान विकास को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना शुरू की जा रही है, जो लगभग 25 जिलों के बड़े क्षेत्रों में सिंचाई का रकबा बढ़ाएगी। इससे मालवा और बुंदेलखंड को विकास की नई राह मिलेगी। नदी जोड़ो अभियान से प्रदेश का एक बड़ा क्षेत्र लाभान्वित होगा।

Author: Dainik Awantika