नदी जोड़ो परियोजना से पहले 5 हजार रुपये करोड़ का कर्ज

दैनिक अवन्तिका भोपाल

क्रिसमस पर्व और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के ठीक एक दिन पहले मोहन यादव सरकार आज बाजार से पांच हजार करोड़ रुपए का कर्ज ले रही है।

यह संयोग है कि आज बाजार से कर्ज लिया जा रहा है और कल केन बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास छतरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं। यह कर्ज लेने के बाद चालू वित्त वर्ष में राज्य सरकार 30 हजार करोड़ का कर्ज ले चुकेगी। आज लिए जाने वाले कर्ज की ब्याज के साथ भुगतान की कार्यवाही वर्ष 2045 और 2041 तक की जाएगी। आज लिए गए कर्ज के बाद राज्य सरकार पर कुल कर्ज 4 लाख पांच हजार 578 करोड़ रुपए हो जाएगा। वित्त विभाग के अफसरों के अनुसार जो लोन लिया जा रहा है वह एमपी के जीडीपी के मान से तय लोन लिमिट के भीतर ही है। इस ऋण राशि से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना और अन्य विकास कार्यों को अंजाम दिया जाएगा। मोहन सरकार ने अक्टूबर में नवरात्र शुरू होने के दस दिन पहले सितम्बर में 5 हजार करोड़ रुपए कर्ज लिया था। इसके बाद नवरात्र पर्व के दौरान भी पांच हजार करोड़ रुपए का लोन लिया गया था। इसके अलावा नवम्बर में भी पांच हजार करोड़ रुपए का लोन लिया गया था।

Author: Dainik Awantika