इंदौर। 8 दिसंबर को सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर हुए पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के शो का मनोरंजन कर अब भी बाकी है। इसके लिए नगर निगम ने तीन बार आयोजकों को नोटिस जारी किए, लेकिन जवाव नहीं दिया। निगम आयोजकों पर एफआइआर की तैयारी में है। राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने बताया कि मनोरंजन कर देने के लिए शो से पहले और बाद में आयोजकों को नोटिस दिए गए, लेकिन निगम को जानकारी नहीं दी गई। इसके चलते आयोजकों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए राजस्व विभाग की उपायुक्त लता अग्रवाल को निर्देशित कर दिया गया है। जानकारी है कि दिलजीत का आयोजन कराने वाली एजेंसी मूलत: मुंबई की है। उसका इंदौर में दफ्तर नहीं है, इसलिए राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का एजेंसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है।