उज्जैन एडीएम अनुकूल जैन को दिया महाकाल प्रशासक का चार्ज

 

– नए प्रशासक की नियुक्त होने तक संभालेंगे कामकाज

– पहले भी रह चुके है मंदिर समिति में एक दिन के प्रशासक

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

उज्जैन एडीएम अनुकूल जैन को फिलहाल महाकाल मंदिर प्रबंध समिति का प्रशासक का चार्ज सौपा गया है। वे नए प्रशासक की स्थाई नियुक्त होने तक मंदिर का कामकाज संभालेंगे। उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने शुक्रवार को इसके आदेश जारी किए। 

कलेक्टर सिंह ने कहा कि शासन से आदेश आने तक एडीएम अनुकूल जैन मंदिर प्रशासक का कार्य देखेंगे। ताकि मंदिर की सभी प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा सके। उल्लेखनीय है कि महाकाल मंदिर के प्रशासक गणेश धाकड़ को हटा दिया गया है। महाकाल मंदिर में अभी कुछ दिनों से एक के बाद एक कार्रवाई के दौरान पंडों से लेकर समिति के कर्मचारी रुपए लेकर दर्शन कराते पकड़ा रहे हैं। पहले मंदिर में दो पंडे पप्पू गुरु और राजेश भट्‌ट श्रद्धालुओं से 1100-1100 रुपए लेकर वीआईपी दर्शन कराते नंदीहॉल में कलेक्टर ने खुद पकड़ा फिर दो कर्मचारी विनोद चौकसे और राकेश श्रीवास्तव पकड़ाए। इनकी कॉल डीटेल पर समिति के कर्मचारी राजकुमार सिंह, राजेंद्र सिसोदिया, रितेश शर्मा और अभिषेक भार्गव को पुलिस ने पकड़ा है। इन सभी से मामले में कड़ी पूछताछ की जा रही है।  

श्रद्धालुओं से रुपए लेकर दर्शन के 

मामलों में प्रशासक धाकड़ को हटाया

मंदिर में रुपए लेकर दर्शन कराने को लेकर चल रहे मामलों के बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए शासन-प्रशासन ने पूर्व प्रशासक गणेश धाकड़ को पद से हटा दिया। एडीएम अनुकूल जैन इसके पहले भी मंदिर के प्रशासक का कार्य एक दिन के लिए संभाल चुके हैं। इसलिए उन्हें मंदिर के बारे में जानकारी है तथा उज्जैन एडीएम रहते भी उन्हें यहां के बारे में सबकुछ पता है। 

10 अगस्त को प्रशासक मीना का ट्रांसफर

13 को जैन बने और 14 को धाकड़ आ गए 

जब मंदिर प्रशासक मृणाल मीना को 10 अगस्त 2024 को शासन ने बालाघाट कलेक्टर बनाया था। तब नए प्रशासक के आने तक एडीएम अनुकूल जैन ने ही मंदिर का कार्य देखा था। 13 अगस्त को अनुकूल जैन ने मंदिर प्रशासक का चार्ज लिया था। इसके ठीक एक दिन बाद ही  धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने पूर्व में प्रशासक रहे गणेश धाकड़ को 14 अगस्त 2024 को दोबारा से प्रशासक के पद पर पदस्थ कर दिया था।

Author: Dainik Awantika