उज्जैन। रविवार को सुबह से ही सूर्य बादलों की कैद में रहा है। इसके चलते पूरे दिन सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। धूप नहीं निकल सकी । स्थिति यह रही है कि रविवार को इस वर्ष का सबसे ठंडा दिन रहा है। दिन का तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा 4 डिग्री की गिरावट के साथ 19.2 डिग्री दर्ज किया गया है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी एक दिन पूर्व की अपेक्षा करीब 4 डिग्री की गिरावट के साथ 14.5 डिग्री दर्ज किया गया है।शुक्रवार को हुई मावठे की बारिश के बाद मौसम में ठंडक का असर देखा जा रहा है लेकिन बादलों के होने से यह ठंडक शनिवार को असरकारक नहीं रही । उत्तर के क्षेत्र में बराबर बर्फबारी होने के कारण से मौसम में ठंडक बनी हुई है। रविवार को बादलों के छाए रहने और ठंडी हवाओं से दिन का अधिकतम तापमान पर जोरदार असर हुआ है। पारा एक दिन पूर्व 23.0 डिग्री की अपेक्षा 19.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। इसी तरह से रविवार सुबह रात का तापमान भी एक दिन पूर्व 17.2 डिग्री की अपेक्षा 14.5 डिग्री पर आ गया है। इस दौरान आर्द्रता सुबह 85 एवं शाम को 80 फीसदी दर्ज की गई है।शाम के समय 4 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं दर्ज की गई है।ठंड का असर बाजार पर भी रहा-दिन में ठंड के असर से बाजार में रविवार को दिखने वाली रौनक कमजोर रही है। यहीं स्थिति शाम को बाजार पर बनी रही । इसके चलते घरों से कम ही लोग बाजार में निकले। आयोजनों में भीड जरूर देखी गई है। ठंड से बचाव के लिए लोग दिन में ही अलाव का सहारा लेते भी देखे गए हैं। रविवार देर शाम को ठंडी हवाओं का दौर भी रहा है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में और गिरावट के आसार देखे जा रहे थे। यही नहीं आर्द्रता की स्थिति में कोहरे का भी अनुमान लगाया जा रहा है।