एमपी में उज्जैन सबसे ठंडा, पारा 19.2 डिग्री

भोपाल । मध्यप्रदेश में बारिश का दौर थम गया है। दिन-रात के तापमान में गिरावट होने लगी है। शनिवार-रविवार की रात कई शहरों में पारा लुढ़क गया। रविवार को दिन के तापमान में 6.2 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। यह गिरावट धार में हुई। यहां तापमान 20 डिग्री दर्ज किया गया। उज्जैन में पारा प्रदेश में सबसे कम 19.2 डिग्री रहा। यहां दिन-रात के तापमान में 5 डिग्री से भी कम अंतर देखने को मिला। रात में 14.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम वैज्ञानिक प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया, ‘पश्चिमी-उत्तरी भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी गुजर रहा है। इस वजह से पिछले दो दिन तक ओले गिरे और बारिश हुई। रविवार को दिन का तापमान दमोह में 22.2 डिग्री, खजुराहो में 21.4 डिग्री, नौगांव-धार में 20 डिग्री, रीवा में 22.6 डिग्री, सतना-गुना में 22 डिग्री, सीधी में 22.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 20.7 डिग्री, उमरिया में 22.7 डिग्री रहा। पचमढ़ी में 20.8 डिग्री दर्ज किया गया। रतलाम में पारा 20.5 डिग्री, शिवपुरी में 21.2 डिग्री रहा। बड़े शहरों में भोपाल में 22.4 डिग्री, ग्वालियर में 20.6 डिग्री, इंदौर में 21.4 डिग्री और जबलपुर में 23.4 डिग्री दर्ज किया गया।

शनिवार-रविवार की रात में भी कई शहरों में तापमान में गिरावट देखने को मिली। सबसे ठंडा नीमच का मरुखेड़ा रहा। यहां पारा 8.6 डिग्री दर्ज किया गया। नरसिंहपुर, नौगांव, पचमढ़ी में पारा 12 डिग्री से नीचे रहा। राजगढ़, मंडला, टीकमगढ़, रतलाम, उमरिया, खंडवा और गुना में भी पारा 15 डिग्री से कम ही दर्ज किया गया। बड़े शहरों में भोपाल में 16.8 डिग्री, इंदौर में 15.4 डिग्री, ग्वालियर में 14.6 डिग्री और जबलपुर में 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

 

Author: Dainik Awantika