– गर्भगृह में 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की, पत्रकारों से बोले – यहां आकर धन्य हो गए
दैनिक अवंतिका उज्जैन।
देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना अध्यक्ष उपेंद्र द्विवेदी सोमवार को उज्जैन आए। इस दौरान वे भगवान महाकाल के दर भी पहुंचे। उन्होंने मंदिर पहुंचकर पीला सोला पहना और गर्भगृह में जाकर भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। दोनों ने करीब 20 मिनट तक पूजन किया। महाकाल मंदिर के शासकीय पुजारी घनश्याम शर्मा ने उनका पूजन संपन्न कराया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना अध्यक्ष द्विवेदी मध्य प्रदेश के दो दिनी दौरे पर है। उज्जैन प्रवास के दौरान वे महाकाल दर्शन के लिए यहां आए। गर्भगृह में पूजन के दौरान पुजारी संजय गुरु, आशीष गुरु व दिलीप गुरु भी मौजूद रहे। राजनाथ सिंह ने गर्भगृह में पूजन के बाद नंदी हाल में बैठकर भगवान महाकाल का ध्यान लगाया। इस दौरान मंदिर में मौजूद पत्रकारों से रक्षा मंत्री ने कहा कि भगवान महाकाल के आज दर्शन पाकर वे धन्य हो गए।
राजनाथ सिंह कई बार महाकाल आए इस बार काफी समय रुक कर की पूजा
राजनाथ सिंह इससे पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन के लिए आ चुके है। लेकिन इस बार उन्होंने काफी समय रुककर पूजन व दर्शन किए। मंदिर में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ महाराज, विधायक उषा ठाकुर ने भी उनसे मुलाकात की।
नंदीहॉल में कलेक्टर ने महाकाल का स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मान
नंदीहॉल में नेताओं ने राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उनका स्वागत भी किया गया। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से राजनाथ सिंह और सेना अध्यक्ष द्विवेदी का कलेक्टर नीरज कुमार सिंह सहित अधिकारियों ने नंदीहॉल में महाकाल का स्मृति चिन्ह, लड्डू प्रसाद आदि भेंट देकर सम्मान किया। राजनाथ सिंह ने मंदिर समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की प्रशंसा भी की।