चायना डोर से पतंग उड़ाने वाले युवक को पकड़ा

उज्जैन। मकर संक्रांति को 14 दिनों का समय शेष है। पतंग आसमान की ऊंचाई छूती हुई दिखाई देने लगी है। पतंगों के साथ प्रतिबंधित चायना डोर भी सामने आ रही है। पिछले कुछ दिनों में चायना डोर से 3 लोगों के गले कटना भी सामने आ चुके है। जिसके चलते पुलिस जहां चायना डोर की तलाश में दुकानों पर नजर रख सर्चिंग कर रही है, वहीं अब चायना डोर से पतंग उड़ाने वालों की धरपकड़ का काम भी शुरू कर दिया गया है। सोमवार को चिमनगंज थाना पुलिस ने सम्राटनगर के रहने वाले अब्दुला पिता अब्दुल को चायना डोर से पतंग उड़ाते हुए पकड़ा है। जिसके खिलाफ जिलाधीश के आदेश का पालन नहीं करने की धारा में प्रकरण दर्ज किया गया। थाना प्रभारी हितेश पाटिल ने बताया कि उनकी टीम थाना क्षेत्र में लगातार प्रतिबंधित चायना डोर पर नजर रख रही है। क्षेत्र की दुकानों पर डोर दिखाई नहंी दे रही है। लेकिन उड़ती पतंगों में डोर होना सामने आने लगा है। जिसके चलते टीम ने अब छतों और मैदान से हो रही पतंगबाजी में शामिल पतंगबाजों की जांच करना भी शुरू किया है। नववर्ष में प्रतिबंधित चायना डोर को लेकर तेजी के साथ अभियान चलाया जायेगा। गौरतलब हो कि पतंगबाजी में उपयोग होने वाली चायना डोर के पिछले कुछ सालों में घातक परिणाम सामने आये है। 2 साल पहले एक होनहार छात्रा का गला कटने पर मौत हो गई थी। कई लोगों की जान पर बन आई थी। जिससे देखते हुए प्रशासन ने मकर संक्रांति के 2 माह पहले ही डोर पर प्रतिबंध के आदेश जारी कर दिये थे। जिसके बाद महाकाल, चिमनगंज और कोतवाली थाना पुलिस चायना डोर के गट्टे बरामद कर चुकी है।  पुलिस ने अपील जारी करते हुए चायना डोर का उपयोग दंडनीय अपराध होना बताया है। वहीं प्रतिबंधित डोर का उपयोग और बेचने वालों की जानकारी देने के लिये हेल्पलाइन नम्बर 100 और 7049119202 जारी किया है। जिस पर चायना डोर की सूचना दी जा सकती है।

Author: Dainik Awantika