चंद्रबाबू सबसे अमीर CM, संपत्ति 931 करोड़ रुपये

नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनके पास 931 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 15 लाख रुपए की संपत्ति के साथ सबसे गरीब हैं। 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपए, जबकि कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए है। यह जानकारी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की तरफ से 30 दिसंबर को जारी एक रिपोर्ट में ये बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-2024 में जहां भारत की प्रति व्यक्ति नेट नेशनल इनकम करीब 1 लाख 85 हजार 854 रुपए रही, वहीं एक मुख्यमंत्री की औसत आय 13 लाख 64 हजार 310 रुपए थी। यह भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय से करीब 7.3 गुना ज्यादा है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू पर सबसे ज्यादा 180 करोड़ रुपए की देनदारी यानी कर्ज है। कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया पर 23 करोड़ रुपए और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पर 10 करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है।

Author: Dainik Awantika