लखनऊ। लखनऊ की एक होटल में परिवार के 5 लोगों की हत्या कर दी गई। 24 साल के बेटे ने वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी रवीना त्यागी ने बताया कि अशरद नाम के युवक ने अपनी मां और 4 बहनों की हत्या की। परिवार आगरा का रहने वाला था। 30 दिसंबर को नए साल पर लखनऊ आया था। चारबाग के पास नाका इलाके में होटल शरनजीत में पूरा परिवार रुका था। अरशद ने 31 दिसंबर की रात अपनी मां आसमां, 4 बहनों- आलिया (9), अक्सा (16), अल्शिया (19) और रहमीन (18) की हत्या की। इसके बाद वह वहीं बैठा रहा। बुधवार सुबह होटल स्टाफ को वारदात की जानकारी हुई।
पुलिस ने आरोपी बेटे अरशद को गिरफ्तार कर लिया। उसने हत्या की बात कबूल कर ली है। शुरुआती पूछताछ में पारिवारिक कलह को हत्या का कारण बताया जा रहा है। हालांकि, ऐसी कौन सी वजह थी कि पूरे परिवार को खत्म कर दिया। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने बताया कि परिवार आगरा के इस्लाम नगर, टेढ़ी बगिया, कुबेरपुर का रहने वाला था। आरोपी अरशद के पिता का नाम बदर है। वह कहां पर हैं। इसका पता किया जा रहा है।
डीसीपी ने बताया कि होटल के कमरा नंबर-109 में सभी 5 शव मिले हैं। गले और कलाई पर चोट के निशान हैं। ऐसे में हत्या कैसे की यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। हालांकि, आशंका है कि आरोपी ने गला दबाकर हत्या की। इस दौरान कुछ संघर्ष भी हुआ है तभी कलई पर चोट के निशान आए हैं। फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। कमरे से सैंपल कलेक्ट किए जा रहे हैं। जांच के बाद कमरे को सील किया जाएगा। होटल के अन्य कमरों में कौन-कौन रुका था, इसकी भी जानकारी की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं। ताकि परिवार की एक्टिविटी क्या-क्या रही, इसका पता लगाया जा सके। होटल शरनजीत चारबाग के पास नाका इलाके की संकरी गलियों में यह है। 5 लोगों की हत्या की खबर मिलते ही यहां भीड़ लग गई। बुधवार सुबह होटल स्टॉफ कमरे में गया तो वारदात की जानकारी हुई। आरोपी मौके से भागा नहीं था, वह वहीं पर था।