नई दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति कर दी। इन राज्यों में पार्टी के प्रदेश अध्यक्षों और नेशनल काउंसिल मेंबर्स के चुनाव होने हैं। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को बिहार, शिवराज सिंह चौहान को कर्नाटक और पीयूष गोयल को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को गुजरात और धर्मेंद्र प्रधान को मध्य प्रदेश का चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। ये इन राज्यों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेशनल काउंसिल मेंबर्स का चुनाव करवाएंगे। संगठन चुनाव को लेकर 28 दिसंबर को दिल्ली में पार्टी की बैठक हुई थी। लद्दाख भाजपा महासचिव पीटी कुंजांग ने बताया था कि पार्टी के संविधान के मुताबिक 50 प्रतिशत राज्यों में संगठन के चुनाव पूरे कराने हैं। 15 जनवरी तक मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर और झारखंड में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाएंगे। इसके अलावा राज्यों में जिला अध्यक्षों का चुनाव भी किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी और जनवरी अंत तक भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा की जाएगी।