हिमाचल में बर्फबारी से पारा माइनस 14 डिग्री तक पहुंचा, कोहरे के कारण अमृतसर एयरपोर्ट बंद

नई दिल्ली। देश के उत्तरी राज्यों में तेज सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश मे बर्फबारी के बाद से प्रदेश के 5 क्षेत्रों का पारा माइनस में पहुंच गया है। हिमाचल के ताबो का न्यूनतम तापमान -14.7 डिग्री, समदो का -9.3 डिग्री, कुकुमसैरी -6.9 डिग्री, कल्पा का -2 और मनाली का 2.8 डिग्री दर्ज किया गया। सर्दी के अलावा देश के 14 राज्यों में घने कोहरे का भी असर देखने को मिल रहा है। अमृतसर में जीरो विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। यहां फ्लाइट्स के ऑपरेशन रुक गए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी शुक्रवार सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। इससे स्पाइसजेट, इंडिगो और एअर इंडिया की फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। उत्तर प्रदेश में भी 30 शहरों में घना कोहरा देखने को मिला। आगरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें 7 घंटे तक लेट रहीं। बुलंदशहर में विजिबिलिटी 5 मीटर तक रह गई। वहीं, मध्य प्रदेश में कोहरे के कारण कई जगहों पर 100 मीटर तक देखना भी मुश्किल हो रहा था। तेज सर्दी और कोहरे के कारण उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। पटना में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है।

Author: Dainik Awantika