क्षिप्रा में युवक ने लगाई छलांग, एक घंटे बाद मिला शव

उज्जैन। फुटपाथ पर रहने वाले युवक ने शनिवार शाम क्षिप्रा नदी में छलांग लगा दी। उसकी तलाश शुरू की गई, एक घंटे बाद उसका शव बाहर निकाला गया। युवक 7-8 माह से एक बच्ची की मां के साथ रह रहा था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखा है।
भूखी माता घाट पर शाम 4.30 बजे के लगभग एक युवक क्षिप्रा नदी में छलांग लगा दी थी। उसके कूदने की खबर मिलने पर तैराक दल से जुड़े सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। करीब एक घंटे बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जहां सामने आया कि घाट पर अंजली नामक महिला और उसकी 5-6 वर्षीय बेटी मौजूद है। अंजली से पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह जूनी इंदौर खजराना की रहने वाली है। क्षिप्रा में कूदा युवक गोलू है। वह गोलू के साथ 7-8 माह से फुटपाथ पर रह रही थी। गोलू भी खुद को इंदौर का रहने वाला बताता था। पुलिस शाम 6.30 बजे शव लेकर जिला अस्पताल परिसर के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंची। अंजली का कहना था कि गोलू नशा करता था पहले भी तीन-चार बार नदी में कूदा था लेकिन बाहर आ गया था। अंजली का कहना था कि उसके पहले पति ने भी आत्महत्या कर ली थी। उसके बाद वह घर छोड़कर निकल गई थी। काफी समय से उज्जैन में सड़को पर रहकर जीवन ज्ञापन कर रही है। गोलू ने खुद का अकेला होना बताया था और साथ रहने की बात कहीं थी। उसका कहना था कि गोलू का पोस्टमार्टम नहीं कराऊंगी। पुलिस अंजली और उसकी बेटी के अकेले होने पर अपने साथ थाने लेकर गई है। गोलू के परिजनों का पता नहंी चलने पर पोस्टमार्टम के बाद पुलिस अंतिम संस्कार करायेगी।

Author: Dainik Awantika