सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- सरकार पशुपालकों को प्रति लीटर दूध खरीद पर देगी बोनस

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश को देश की डेयरी कैपिटल बनाने के लिए सरकार पशुपालकों को दूध की प्रति लीटर खरीद पर बोनस देगी। साथ ही, पशुधन के लिए पर्याप्त भोजन उपलब्ध कराने के लिए 1 लाख हेक्टेयर सिंचाई रकबा बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री यादव रविवार को विक्रम विश्वविद्यालय में आयोजित पशुपालन विभाग और विक्रम विश्वविद्यालय की संगोष्ठी में शामिल हुए। दरअसल, विक्रम विश्वविद्यालय में पशुपालन के डिग्री कोर्स की शुरूआत होने जा रही है। भविष्य में यह कोर्स अन्य विश्वविद्यालयों में भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री यादव ने कार्यक्रम में कहा कि डेयरी टेक्नोलॉजी युवाओं के लिए नए अवसर प्रदान करती है। भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा स्थली उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय में अब डेयरी टेक्नोलॉजी के अकादमिक डिग्री कोर्स की शुरूआत हो रही है। डेयरी टेक्नोलॉजी में प्रशिक्षित और कौशल प्राप्त युवा अपनी मेहनत और मजबूत इरादों से दूध उत्पादन में मध्य प्रदेश को देश में शीर्ष स्थान पर ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है और इसमें मध्य प्रदेश का 9 प्रतिशत योगदान है। प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश में तीसरे स्थान पर है। यहां प्रति व्यक्ति दुग्ध उत्पादन का औसत 673 ग्राम है, जबकि राष्ट्रीय औसत 471 ग्राम है। हमें इन उपलब्धियों से संतुष्ट नहीं होना चाहिए। प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, जल संपदा और उर्वर भूमि को देखते हुए समेकित प्रयासों से मध्य प्रदेश डेयरी के क्षेत्र में देश का नंबर-1 राज्य बनेंगे।

Author: Dainik Awantika