नई दिल्ली। दिल्ली से भाजपा कैंडिडेट रमेश बिधूड़ी ने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि आतिशी ने अपना बाप बदल लिया है। वे मार्लेना से सिंह बन गई हैं। भाजपा ने कालकाजी से आतिशी के खिलाफ बिधूड़ी को ही टिकट दिया है। बिधूड़ी ने यह बयान रविवार को रोहिणी में हुई भाजपा की परिवर्तन रैली में दिया। इस रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संबोधित किया था। बिधूड़ी ने कहा कि लालू ने वादा किया था कि बिहार की सड़कों को हेमा मालिनी के गालों जैसा बना दूंगा, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, कालकाजी में सारी की सारी सड़कें प्रियंका गांधी के गाल जैसी बना दूंगा। इसे लेकर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर कहा कि बीजेपी के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दीं। बीजेपी के नेता दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान दिल्ली की जनता सहन नहीं करेगी।