महाराष्ट्र में ऑनर किलिंग, भाई ने बहन को पहाड़ से धकेला

छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया। एक लड़के ने अपनी चचेरी बहन को 200 फीट ऊंची पहाड़ से धकेलकर मार डाला। इस पूरी घटना का वीडियो क्रिकेट मैच रिकॉर्ड कर रहे एक ड्रोन कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। जिसकी मदद से आरोपी की पहचान हुई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, 17 साल की यह लड़की शाहगढ़ की रहने वाली थी और दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी। दबाव बनाने के बाद लड़की ने शाहगढ़ पुलिस में परिवार से अपनी जान को खतरे की शिकायत की थी। परिवार ने लड़की को संभाजीनगर में उसके चाचा के घर भेज दिया था। उसके चाचा का लड़का ही घुमाने के बहाने पहाड़ पर ले गया और वहां से धक्का दे दिया। इससे लड़की की मौत हो गई। घटना का जो ड्रोन वीडियो सामने आया है, उसमें लाल टी-शर्ट पहने हुए एक लड़का, एक लड़की को पहाड़ी पर ले जाता नजर आ रहा है। इसके कुछ ही सेकंड में वह अकेला लौटता दिख रहा है। पुलिस ने जब आरोपी ऋषिकेश तानाजी को अरेस्ट किया, तब उसने वही लाल टी-शर्ट पहने हुए था।

Author: Dainik Awantika