भोपाल। जनवरी में दूसरी बार मध्यप्रदेश कड़ाके की ठंड से ठिठुर गया है। बर्फीली हवाओं की वजह से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत पूरे प्रदेश में दिन-रात के टेम्परेचर में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 3 दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी। वहीं, 10 जनवरी से बादल और बूंदाबांदी वाला मौसम रहेगा। 12 जनवरी को कई शहरों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी के बाद सर्द हवा की रफ्तार बढ़ गई है। मंगलवार को 12.5 किमी की ऊंचाई पर 250 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बही, जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला। 8, 9 और 10 जनवरी को भी सर्द हवाओं का असर रहेगा। बुधवार को प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरे का असर रहेगा। वहीं, ग्वालियर-चंबल और सागर संभाग के जिलों में शीतलहर चलेगी।
बर्फ पिघलने से और बढ़ेगी ठंड
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फबारी हुई है। यह बर्फ अब पिघल रही है। ऐसे में हवा की रफ्तार भी तेज हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में प्रदेश का मौसम ठंडा ही रहेगा।20 से 22 दिन तक शीतलहर चलने का अनुमान है। जनवरी के पहले सप्ताह में कड़ाके की ठंड पड़ी। वहीं, अब दूसरा दौर शुरू हुआ है।
इस सप्ताह ऐसा रहेगा मौसम
उत्तरी हवा के असर से दिन-रात के तापमान में गिरावट हुई है। अगले 3 दिन ऐसा ही मौसम बना रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में 10 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होगा। इसके असर से 12 जनवरी से बूंदाबांदी हो सकती है।
भोपाल में 6.4 डिग्री लुढ़का दिन का पारा
बर्फीली हवा की वजह से मध्यप्रदेश फिर से ठिठुर गया है। मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में दिन के पारे में खासी गिरावट हुई। राजधानी भोपाल में पारा 21.4 डिग्री रहा। एक ही दिन में पारा 6.4 डिग्री लुढ़क गया।