आत्महत्या से पहले साली को व्हाटसएप पर भेजे था वाइस नोट -एक माह बाद पुलिस ने 2 भाईयों और मां पर दर्ज किया केस

उज्जैन। खेत में पेड़ पर रस्सी बांधकर फांसी लगाने वाले कृषक के मामले में पुलिस को साली के व्हाट्सएप पर भेजा गया वाइस नोट मिला। जिसके आधार पर पत्नी के बयान दर्ज किये गये और तहसील कार्यालय से जानकारी ली गई। एक माह बाद जांच पूरी होते ही मृतक के 2 भाईयों और मां के खिलाफ आत्महत्या के लिये उकसाने का प्रकरण दर्ज किया गया है।
पानबिहार चौकी के ग्राम सैलारी में 2 दिसंबर को कृषक ईश्वर पिता निर्भयसिंह आंजना का खेत में पेड़ से लटका शव मिला था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की। इस दौरान सामने आया कि फांसी लगाने से पहले ईश्वर ने धार में रहने वाली साली नंदनी के व्हाट्सएप पर वाइस नोट भेजा था। जिसमें कहा था कि मेरी मौत के जिम्मेदार दोनों भाई और मां है। तीनों का फांसी की सजा होना चाहिये। पुलिस ने वाइस नोट को अपनी जांच में शामिल किया। पत्नी अंजू के बयान दर्ज किये। जिसमें पता चला कि 30 बीघा जमीन है। तीनों भाईयों के साथ मां का अलग-अलग हिस्सा है। तीनों ने मिलकर पति ईश्वर की जमीन पर कब्जा कर लिया था। जिसकी शिकायत तहसील कार्यालय में की थी। सीमांकन हुआ था,बावजूद भाईयों द्वारा कब्जा नहीं छोड़ा जा रहा था। पुलिस ने तहसील कार्यालय से जानकारी मांगी और शिकायत संबंधी दस्तावेज प्राप्त किये। चौकी प्रभारी जयंत डामोर ने बताया कि जांच पूरी होेने के बाद स्पष्ट हुआ कि 3 बच्चों का पिता ईश्वर भाईयों और मां की प्रताड़ना से तंग आ चुका था, जिसके चलते उसने आत्महत्या की है। मामले में दोनों भाई अंतरसिंह आंजना और निर्भयसिंह आंजना के साथ मां रतनबाई आंजना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108, 3 (5) में घट्टिया थाने पर प्रकरण दर्ज किया गया है। तीनों की गिरफ्तारी की जायेगी।

Author: Dainik Awantika