नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों ने बंद किया वीडी क्लॉथ मार्केट

उज्जैन। वीडी क्लॉथ मार्केट में नगर निगम के नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों ने शनिवार को पूरा मार्केट बंद धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। व्यापारियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अनिश्चितकालीन प्रदर्शन की बात कहीं। निगम के मनमानी करने पर आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी है।
गोवर्धन सागर को अतिक्रमण मुक्त किये जाने को लेकर नगर निगम ने वीडी क्लॉथ मार्केट की 51 दुकानों के व्यापारियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे का समय दिया था। जिसके बाद व्यापारियों में हडकंप मच गया। शनिवार सुबह व्यापारियों ने पूरा मार्केट बंद रखा और धरना प्रदर्शन करते नगर निगम की मनमानी के खिलाफ  नारेबाजी शुरू कर दी। व्यापारियों का कहना था कि जिन दुकानों को नोटिस जारी किया गया है, उनके पास स्थानीय कोर्ट का स्टे आर्डर है। मार्केट सर्वे क्रमांक 1312 में स्थित है। ना कि विवादित सर्वे क्रमांक 1281 में है, जो नोटिस दिया गया है वह गलत है। व्यापारियों का कहना था मामले का लेकर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा से मुलाकात की गई है। अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलेगें। मार्केट के अध्यक्ष रामविलास गुप्ता का कहना था कि नगर निगम मनमानी कर रहा है। वहीं पूर्व अध्यक्ष प्रसन्न जैन का कहना था कि नोटिस 24 घंटे का नहीं होता है, सात दिनों का नोटिस जारी किया जाता है। नगर निगम अधिकारी बात सुनने को तैयार नहीं है। गौरतलब हो कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के बाद गोवर्धन सागर का अक्रिमण हटाने का काम शुरू किया गया था। सालभर पहले सागर के एक हिस्से का अतिक्रमण हटाया गया था और कई दुकानों को हटाने के साथ गोवर्धन सागर को साफ किया गया था। अब सागर के दूसरे हिस्से से अतिक्रमण हटाने की तैयारी नगर निगम द्वारा शुरू की गई है। नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों ने स्थानीय कोर्ट का स्टे आर्डर होने की बात कहीं थी। वहीं शनिवार को हाईकोर्ट में भी निगम कार्रवाई को लेकर याचिका दायर की। जिसमें देर शाम नया मोड आ गया। नगर निगम के नोटिस और तोड़फोड़ के खिलाफ एक व्यापारी को स्टे आर्डर मिल गया।

Author: Dainik Awantika