नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक सस्पेंड, कमिश्नर ने की कार्रवाई

रतलाम। रतलाम के त्रिवेणी मेले में दुकानों के आवंटन करने और रसीद के बदले रुपए की मांग करने के मामले में नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक प्रवीण शर्मा को शनिवार को निलंबित कर दिया गया। सहयोगी दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी विनय कल्याणे को टर्मिनेशन का नोटिस जारी कर 7 दिन में जवाब मांगा है। संतोषजनक जवान नहीं होने पर एक तरफा कार्रवाई कर कल्याणे को नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा। कार्रवाई नगर निगम कमिश्नर हिमांशु भट्‌ट ने की। बता दें कि 4 दिन पहले त्रिवेणी मेला में नगर निगम महापौर प्रहलाद पटेल, निगम कमिश्नर हिमांशु भट्‌ट के सामने मेले में दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने निगम कर्मचारियों पर अवैध रुपए की वसूली का आरोप लगाया था। एक महिला ने निगम कर्मचारी विनय कल्याणे पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए चप्पल तक उठा ली थी। इसके बाद कमिश्नर ने नगर निगम के राजस्व निरीक्षक प्रभारी अधिकारी कैलाशचंद्र कर्मा को सस्पेंड कर दिया था। मामले की जांच बैठाई। कांग्रेस व भाजपा पार्षदों ने भी जांच की मांग की। जांच के बाद नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक प्रवीण शर्मा को निलंबित कर दिया। सहयोग कर्मचारी विनय कल्याण को बर्खास्तगी का नोटिस जारी किया। जांच सिटी इंजीनियर जीके जायसवाल ने की। इसके पहले कमिश्नर भट्‌ट ने उपायुक्त व मेला अधिकारी करुणेश दंडोतिया को भी नोटिस जारी कर चुके हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आ सकती है। कुछ कर्मचारियों को मेले में ड्यूटी लगाई थी। लेकिन वह मेले में काम करने नहीं गए। कमिश्नर हिमांशु भट्‌ट ने बताया कि सहायक राजस्व निरीक्षक शर्मा को सस्पेंड किया है।

 

Author: Dainik Awantika