उज्जैन। मकर संक्रांति का त्यौहार 14 जनवरी को मनाया जायेगा। इससे पहले पतंगबाजी की शुरूआत हो चुकी है। रविवार को आसमान पतंगों से भरा दिखाई दिया। पुलिस प्रतिबंधित चायना डोर की तलाश में निकली और बाजारों में सर्चिंग की गई। छतों पर जांच अभियान चलाया गया।
प्रशासन ने दिसंबर माह की शुरूआत होते ही 2 माह के लिये चायना डोर पर प्रतिबंध का आदेश जारी कर दिया था। पिछले कुछ सालों में चायना डोर से पतंग उड़ाने के दौरान गंभीर हादसे होना सामने आ चुके है। 2 साल पहले जीरो पाइंट ब्रिज पर प्रतिबंधित डोर से गला कटने पर छात्रा नेहा आंजना की मौत हो गई थी। कई लोगों की जान खतरे में पड़ चुकी है। मकर संक्रांति पर चायना डोर का उपयोग ना हो इसको लेकर पुलिस सख्त दिखाई दे रही है। प्रतिबंधित आदेश का उल्लंघन करने वाले 12 से 15 लोगों को पकड़ा जा चुका है। अब मकर संक्रांति को 1 दिन का समय बचा है। रविवार को पतंगबाजी का नजारा जमकर दिखाई दिया। पुलिस ने भी त्यौहार को सद्भावना के साथ पूरा कराने और चायना डोर की तलाश में सर्चिंग की। सीएसपी ओपी मिश्रा, खाराकुआ टीआई राजकुमार मालवीय, महाकाल थाना एएसआई चंद्रभानसिंह टीम के साथ तोपखाना और छत्रीचौक पतंग बाजार में पहुंचे। बाजार में उपलब्ध मांझे की जांच की गई। पुलिस के साथ वी केयर फाउंडेशन के सदस्य भी मौजूद थे। उन्होने सावधानी से मनाये सद्भावना का त्यौहार… चायना डोर का करे पूर्ण बहिष्कार के बैनर को दिखाते हुए जागरूकता फैलाने का काम किया।
पतंग उड़ाने वालों का चैक किया मांझा
बाजारों में सर्चिंग के साथ ही पुलिस महाकाल क्षेत्र की कालोनियों और मोहल्लो की छतों पर पहुंची। पतंगबाजी करने वालों के मांझे की जांच की गई। पुलिस ने छतों से चायना डोर से पतंग नहीं उड़ाने का अलाउंसमेंट किया। बच्चों और युवाओ ने चायना डोर से पतंग नहीं उड़ाने की बात कहीं। सर्चिंग के साथ तलाशी अभियान में पुलिस का प्रयास सार्थक दिखाई दिया। कहीं भी प्रतिबंधित डोर होना सामने नहीं आई। रात में भी पुलिस बाजारों में नजर बनाये हुए थी। आज भी पुलिस का अभियान जारी रहेगा, ताकि चायना डोर को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित कराया जा सके।
सूत के धागों से बने गट्टो की बढ़ी ब्रिकी
चायना डोर पर लगे प्रतिबंध और पुलिस की बढ़ती निगरानी के बीच एक बार फिर पतंग उड़ाने के लिये सूत के धागों से बने गट्टो की ब्रिकी बढ़ गई है। पिछले 8-10 सालों में सूत का धागा विलुप्त सा हो गया था। रविवार को अवकाश का दिन होने और संक्रांति को 2 दिन का समय बचा होने पर सूत के धागों को सूतने का काम जमकर चलता दिखाई दिया। बाजार में एक हजार मीटर धागे का गट्टा 50 रूपये में सूता जा रहा है। लाल मस्जिद चौराहा, गीता कालोनी, तोपखाना क्षेत्र में चकरे चल रहे है।
गुरूवारिया हाट बाजार से पकड़ाया युवक
चायना डोर को लेकर चलाये जा रहे अभियान में नीलगंगा पुलिस ने हरिफाटक ब्रिज के नीचे लगाने वाले गुरूवारिया हाट बाजार क्षेत्र से प्रतिबंधित डोर बेचने के लिये पहुंचे नितेश पिता राजेश निवासी न्यू इंदिरानगर को गिरफ्तार किया। उसके पास से चायना के 2 गट्टे बरामद किये गये है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 223 का प्रकरण दर्ज किया है।