निगरानी के बाद भी पतंगबाजों ने चायना डोर से उड़ाई पतंग
-एक की कटी नाक-दूसरे का कपाल, 12 लोग घायल
उज्जैन। प्रतिबंध लगा होने और पुलिस की निगरानी के बाद भी मकर संक्रांति पर पतंगबाजों ने चायना डोर से का उपयोग किया। जिसके परिणाम मंगलवार को सामने आये। एक युवक की नाक कट गई थी, दूसरे का कपाल। दोनों को चरक में भर्ती किया गया। दिनभर में 12 से अधिक लोग घायल हुए है।
खूनी डोर साबित हो चुकी चायना पर प्रशासन ने 2 माह का प्रतिबंध लगा रखा है। पिछले 15 दिनों से पुलिस लगातार चायना डोर बेचने वाले और पतंग उड़ाने वालों की धरपकड़ का अभियान चला रही थी। ड्रोन उड़ाकर निगरानी का काम किया जा रहा था। जिसमें बेचने और उड़ाने वालों को पकड़ा भी गया, लेकिन मकर संक्रांति पर काफी सख्ती के बाद भी पतंगबाजों ने चायना डोर का उपयोग किया। शाम को विशाल पिता एलविन निवासी मिशन कम्पाउंड देवासरोड का चरक भवन लाया गया था। जिसकी चायना डोर से नाक कट गई थी। हादसा आगररोड पर होना सामने आया। उसे आॅपरेशन थियेटर में उपचार के बाद भर्ती किया गया है। इससे पहले सुबह आगर नाका इंदिरागांधी कालोनी के रहने वाले अजय पिता रामचंद्र को चरक भवन लाया गया था। उसका कपाल बुरी तरह से चायना डोर से कटा था। हादसा आगररोड पर नाके समीप शराब दुकान के सामने हुआ था। तीसरा घटनाक्रम भी आगररोड खिचलीपुर पुलिया के आगे नवीन ब्रिज और पेट्रोल पंप के बीच हुआ। बाइक सवार भीकम पिता मलखानसिंह निवासी हीरामिल की चाल बाइक से गुजर रहा था। उसके सामने भी चायना डोर आ गई। हाथ कटने पर लहूलुहान हो गया और बाइक से गिर पड़ा। उक्त मामले में चिमनगंज थाना पुलिस ने धारा 125, 125 (ए) का प्र्रकरण दर्ज किया है। चरक भवन इमरजेंसी कक्ष से मिली जानकारी अनुसार दिनभर में 10 से अधिक मामले चायना डोर से कटने पर घायल लोगों के आये थे। अधिकांश प्राथमिक उपचार कर लौट गये है। 3 को भर्ती किया गया है। चायना डोर से घायल कुछ लोग उपचार के लिये निजी अस्पताल भी पहुुंचे है। जिसकी संख्या सामने नहीं आ पाई है। डोर से कटने के पांच मामले नीलगंगा थाना क्षेत्र में होना सामने आये है।
एक बेचने वाला, 3 उड़ाने वाले हिरासत में
प्रतिबंधित चायना डोर पर निगरानी रख रही पंवासा थाना पुलिस ने विक्रमनगर ब्रिज के नीचे उद्योगपुरी से प्रथम पिता दिनेश गौड़ निवासी भोई मोहल्ला इंदौर को हिरासत में लिया। जिसके पास से चायना डोर के 10 गट्टे बरामद किये गये। जिसके खिलाफ आदेश का उल्लंघन करने के साथ प्रतिबंधात्मक धारा में कार्रवाई की गई। नीलगंगा पुलिस ने सार्थक नगर से नाबालिग के साथ 2 युवको को हिरासत में लिया। तीनों चायना डोर से पतंगबाजी कर रहे थे। उनके खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक धारा में प्रकरण दर्ज किया गया है।
छत से गिरे 2 पतंगबाज, हालत गंभीर
चायना डोर से कटने की खबरों के साथ ही 2 युवको के छत से गिरकर गंभीर घायल होने के मामले भी सामने आये है। केडी गेट चौराहा पर रहने वाला हुसैन पिता जुल्फेकार 30 वर्ष बिलोटीपुरा क्षेत्र में परिचित की छत से पतंग उड़ा रहा था। अचानक संतुलन बिगड़ने गिरा गया। उसे अंदरूनी चोंट लगी है। दूसरा घटनाक्रम महाकाल क्षेत्र में होना सामने आया है। बताया जा रहा है कि कहारवाड़ी में रहने वाला धर्मेन्द्र पिता भगवान बंगरिया 40 वर्ष परिचित के मकान से पतंगबाजी कर रहा था। चार मंजिला ऊपर छत से नीचे गिर गया। उसे निकास चौराहा अस्पताल ले जाया गया। जहां से तीनबत्ती चौराहा स्थिति निजी अस्पताल लाया गया है। उसकी हालत भी गंभीर बताई जा रही थी।