छेड़छाड़ का आरोप लगाकर युवक को मारा चाकू,रूपयो को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद

उज्जैन। सुभाष नगर में रहने वाला प्रतीक पिता संजय जैन 30 वर्ष रात 9.30 बजे के लगभग घर लौट रहा था। संत नगर चौराहा पर उसे अज्ञात व्यक्ति ने रोका और लड़की से छेड़छाड़ करने की बात पर अपशब्द कहना शुरू कर दिये। प्रतीक ने विरोध किया तो अज्ञात व्यक्ति ने चाकू निकालकर वार कर दिया और भाग निकला। घायल प्रतीक को लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। खबर मिलने पर परिजन भी पहुंच गए थे। घायल का कहना था कि वह चाकू मारने वाले व्यक्ति को नहीं पहचानता है उसने किसी के साथ छेड़छाड़ भी नहीं की है। माधव नगर थाना पुलिस में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू की है। घटनास्थल पर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
रूपयो को लेकर दो पक्षों में हुआ विवाद
ग्राम पिपलिया बिछा और ग्राम उज्जैनिया में रहने वाले डोडिया दो पक्षों के बीच 50 हजार रूपयो को लेकर 21 मार्च को विवाद हो गया था। दोनों ओर से हथियार पत्थर चले थे। एक पक्ष से घायल हुए धर्मेंद्र पिता मोहनलाल डोडिया निवासी पिपलिया बिछा की ओर से घटनाक्रम के बाद पंवासा थाने में शिकायत दर्ज कर दी गई थी। उज्जैनिया का रहने वाला परिवार घायल होने पर अपने गांव लौट गया था जहां उन्होंने घटिया थाने पर शिकायत की। विवादित स्थल पंवासा थाना क्षेत्र का होने पर जीरो पर प्रकरण दर्ज कर संबंधित थाना पुलिस को भेजा। पंवासा थाना एएसआई मोहब्बत सिंह अलावा ने बताया कि घटिया थाना पुलिस की ओर से आए प्रकरण में कायमी की गई है। 21 मार्च को घटना वाले दिन विवाद में महेश पिता ज्ञानचंद, दीपक पिता बाबूलाल और सूरज पिता बाबूलाल निवासी ग्राम उज्जैनिया घायल हुए थे। घायलों का कहना था कि 50 हजार रुपए मोहनलाल से लेना थे जिसका विवाद चल रहा था। मोहनलाल ने रुपए देने के लिए पिपलिया बिछा बुलाया था, जहां तलवार फावड़े और डंडों से हमला किया गया।