होमगार्ड जवानों ने बचाई बालिका की जान

उज्जैन। क्षिप्रा नदी के नृसिंहघाट पर शुक्रवार दोपहर 9 साल की बालिका को डूबता देख होमगार्ड/ एसडीआरएफ के जवान ईश्वर राठौर ने नदी में छलांग लगाकर बचा लिया। बालिका की जान बचाने में जवान जितेन्द्र थावलिया ने भी सहयोग किया। होमगार्ड प्लाटून कमांडर पुष्पेन्द्र त्यागी ने बताया कि नृसिंह घाट पर इंदौर की रहने वाली विनिता पति सुशील अंभोरे परिवार के साथ नहान करने आई थी। उनके पास ही एक बालिका नहाते समय गहरे पानी में चली गई थी। अंभोरे परिवार की सूचना पर जवानों ने बालिका को बचाकर बाहर निकाला। बालिका के परिजनों का पता करने पर कोई सामने नहीं आया। बालिका से पूछताछ करने पर वह अपना नाम सिर्फ काजल होना बता रही थी। बालिका के परिजनों का पता नहीं चलने पर उसे महाकाल थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पुलिस उसके परिजनों की तलाश कर रही है। 9 साल की बालिका की जान बचाने पर जिला सेनानी संतोष कुमार जाट ने होमगार्ड जवानों को नगद पुरूस्कार देकर प्रोत्साहित करने की बात कहीं है।