हिस्ट्रीशिटर बदमाश ने मैजिक चालक को मारे 16 चाकू -निजी अस्पताल में भर्ती है घायल, गाड़ी बढ़ाने पर हुआ था विवाद

0

उज्जैन। हिस्ट्रीशिटर बदमाश ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर शुक्रवार-शनिवार रात मैजिक चालक पर चाकू से हमला कर दिया। बदमाश ने ताबातोड़ चाकू से 16 वार किये। चालक गंभीर घायल हो गया। जिसका उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
ग्राम करोहन में रहने वाला जितेन्द्र पिता आनंदसिंह सिसौदिया 36 वर्ष मैजिक चलता है। शुक्रवार रात वह मैजिक से ग्राम गंगेडी स्थित प्रशांति कालेज पार्किंग के सामने से गुजर रहा था। उसी दौरान पीछे से थार गाड़ी में ग्राम कोकलाखेड़ी का रहने वाला हिस्ट्रीशिटर बदमाश नागू पिता गोकुलसिंह अपने चार साथियों को साथ आया। जितेन्द्र गाड़ी धीरे चला रहा था। नागूसिंह ने बीच रास्ते से गाड़ी हटाने को कहा। जिसके चलते दोनों के बीच कहासुनी हो गई। नागूसिंह ने ओव्हर टेक कर अपनी गाड़ी आगे निकाली और मैजिक के सामने रोक दी। जितेन्द्र कुछ समझ पाता, नागूसिंह और उसके साथियों ने जितेन्द्र को मैजिक से बाहर निकाला और ताबातोड़ चाकू से वार करना शुरू कर दिये। हमला करने के बाद हिस्ट्रीशिटर बदमाश नागूसिंह साथियों के साथ मौके से भाग निकला। घटना का पता चलने पर चिंतामण पुलिस मौके पर पहुंची। मैजिक चालक को अस्पताल पहुंचाया गया परिजनों खबर मिलने पर चरक अस्पताल पहुंचे। जहां से जितेन्द्र को निजी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज किये, उसने बताया कि नागूसिंह, अर्जुन पारदी के साथ 3 नकाबपोश बदमाशों ने उसे गाड़ी आगे बढ़ाने की बात पर हुए विवाद में चाकू मारे है। चिंतामण थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज किया गया है। एक टीम आरोपियों की तलाश में लगी है।
पेट में घोंपे 3 चाकू, हाथ पर किये 9 वार
घायल के परिजनों ने बताया कि जितेन्द्र को अस्पताल में भर्ती करने के बाद उसके पेट में 3 चाकू के गहरे घाव होना सामने आया है। 9 चाकू के वार हाथ पर लगे है। 3 चाकू जांघ पर एक चेहरे पर लगा है। नागूसिंह ने 16 वार किये है। जितेन्द्र की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि नागूसिंह हिस्ट्रीशिटर बदमाश है। उसने पूर्व में इंदौररोड पर मैजिक चलाने के एवज में हफ्ता देने के लिये धमकाया भी था।
कुछ माह पहले खत्म हुई जिलाबदर
बताया जा रहा है कि नागूसिंह हिस्ट्रीशिटर बदमाश है। पिछले वर्ष उसने इंदौररोड पर एक ढाबे पर थार गाड़ी में आकर ढाबा संचालक पर हमला किया था। उसके खिलाफ 2 दर्जन के लगभग गंभीर अपराध दर्ज है। उसे जिलाबदर भी किया जा चुका है। 2-3 माह पहले ही उसकी जिलाबदर अवधि खत्म हुई है। उसके खिलाफ सबसे अधिक अपराध नानाखेड़ा थाने में दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *