हिरासत में पत्नी के प्रेमी की चाकू मारकर हत्या करने वाला

उज्जैन। पत्नी के प्रेमी की चाकू मारकर हत्या करने वाला आरोपी रविवार को पुलिस की हिरासत में आ गया। जिससे पूछताछ कर चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। आज मामले का खुलासा कर कोर्ट में पेश किया जायेगा।
माकडोन के ग्राम कांथड़ी में शनिवार शाम रोहित पिता सोहन मोंगिया 19 वर्ष की चाकू मारकर ग्राम पानखेड़ी में रहने वाले लखन पिता सजन मोंगिया ने हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर घटनास्थल से भागे आरोपी लखन की तलाश शुरू की थी। कुछ घंटो बाद रविवार को पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। जिससे पूछताछ कर चाकू बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी लखन का विवाह ग्राम कांथड़ी में रहने वाली युवती से सालभर पहले हुआ था। जिसका प्रेमप्रसंग पूर्व से कांथड़ी में रहने वाले रोहित से चल रहा था। इस बात की जानकारी लखन को लग गई थी। कुछ दिनों पहले रोहित ने उसकी पत्नी का हाथ भी पकड़ लिया था। इसी बात से लखन आक्रोशित था। उसकी पत्नी भी ससुराल पानखेड़ी से मायके आ जाती थी। शुक्रवार को लखन अपने ससुराल कांथड़ी आ गया था, उसने रोहित को मारने की ठान ली थी। शनिवार को वह रोहित के घर पहुंचा और उस पर चाकू से गुप्तांग के पास वार किया। चाकू का गहरा घाव लगने पर रोहित जमीन पर गिर पड़ा और लहूलुहान हो गया। लखन मौके से भाग निकला था। परिजन रोहित को उपचार के लिये उज्जैन लेकर रवाना हुये, लेकिन ग्राम से बाहर निकलते ही उसकी मौत हो गई थी। रविवार को माकडोन पुलिस ने उज्जैन शासकीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। बताया जा रहा है मृतक, आरोपी और उसकी पत्नी सभी 19 से 20 वर्ष के है।
इधर मौत के बाद बढ़ी हत्या की धारा
तोपखाना क्षेत्र में रहने वाले रईस पिता अजीज 42 वर्ष पर 7 अप्रैल को उस समय अमजद अली और उसके भाई रियाज अली निवासी बेगमबाग ने चाकू से हमला किया था, जब वह नमाज पढ़कर लौट रहा था। गंभीर घायल होने पर रईस को अस्पताल में भर्ती किया था, जिसकी शनिवार को मौत हो गई। महाकाल पुलिस ने पहले प्राणघातक हमले का प्रकरण दर्ज किया था। रईस की मौत के बाद हत्या की धारा बढ़ाई है। घटना के बाद सामने आया था कि रईस ने तलाकशुदा खुर्शीद बी से 4 दिन पहले ही निकाह किया है। हमला करने वाला  अमजद खुर्शीद का पहला पति है। जिसे पुलिस ने दूसरे दिन गिरफ्तार कर 1 दिन की रिमांड पर लिया था। जिसके बाद जेल भेज दिया था। महाकाल थाना प्रभारी नरेन्द्रसिंह परिहार ने बताया कि हमले में शामिल अजमद का भाई रियाज फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Author: Dainik Awantika

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *