दैनिक अवन्तिका इंदौर
इंदौर में 23 साल की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दिल्ली में जिस कंपनी में युवती काम कर रही थी, उसी कंपनी के आॅनर पर आरोप लगाया है। पीड़िता इस मामले में अपने परिवार के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर गलत काम किया और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
कनाड़िया पुलिस ने 23 साल की युवती की शिकायत पर निजी कंपनी के आॅनर आदित्य कुमार सिंह निवासी बिहार के खिलाफ रेप का केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आदित्य का हेड आॅफिस दिल्ली में है। पीड़िता 2023 से यहां पर काम कर रही है। पुलिस के मुताबिक, युवती वर्क फ्रॉम होम करती थी। इस दौरान आदित्य से उसका संपर्क होता रहता था। 28 जनवरी 2024 को युवती के माता-पिता बाहर गए थे। तब आदित्य से फोन पर बात हुई तो उसने पूछा कि माता-पिता कितने दिनों के लिए बाहर हैं। इसके बाद समय बताकर सामान्य फोन रख दिया। इसके बाद अगले दिन रात में आदित्य घर आया। तब दरवाजा खोलने पर पूछा तो उसने बताया कि किसी काम से इंदौर आया था, इसलिए मिलने आ गया। इसके बाद हॉल में बैठाकर सामान्य बातें कीं। बाद में आदित्य ने कहा कि वह उसे पसंद करता है। उसने शादी की बात कही और बताया कि कल ही वह शादी कर लेंगे। इसके बाद काफी देर तक बातचीत करता रहा। युवती उसकी बातों में आ गई। आदित्य दो दिन घर पर ही रुक गया। इस दौरान उसने संबंध बनाए। फिर आदित्य वापस चला गया। उसने कई महीनों तक यह कहते हुए टाला कि शादी के लिए घर के लोगों को राजी करने में लगा है।