दैनिक अवन्तिका इंदौर
इंदौर में डॉक्टरों ने एक महिला के पेट की सर्जरी कर 8.3 किलो वजनी ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाला है। यह ट्यूमर महिला के यूटेरस (बच्चादानी) की बाहरी सतह से पांच साल से जुड़ा हुआ था, जिसे महिला मोटापे का लक्षण समझ रही थी। हालांकि, चार दिन पहले उसे परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने जांच की और ट्यूमर का पता चला। यदि इसका समय रहते उपचार नहीं किया जाता, तो महिला की जान को गंभीर खतरा हो सकता था।
इस सर्जरी के लिए महिला के परिवार की सहमति से 3 अप्रैल को इंदौर के एक प्राइवेट अस्पताल में दो घंटे तक सर्जरी की गई। मेडिकल लिटरेचर के अनुसार यह संभवत: देश में पहला मामला है, जब किसी महिला के यूटेरस की बाहरी सतह से इतना बड़ा ट्यूमर निकाला गया है। महिला अब पूरी तरह से स्वस्थ है।
यह घटना इंदौर की 47 वर्षीय महिला की है। महिला ने बताया कि करीब चार-पांच साल पहले उसका वजन बढ़ने लगा था, लेकिन उसने इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया। एक साल पहले पेट का आकार बढ़ने पर भी उसने इसे मोटापे का ही हिस्सा समझा, क्योंकि उसे लगा था कि सिजेरियन डिलीवरी के बाद आमतौर पर महिलाओं का वजन बढ़ जाता है।