दैनिक अवंतिका उज्जैन।
सिख समाज ने शुक्रवार को नवम गुरु श्री गुरु तेग बहादुर का अवतार पर्व मनाया गया। इस अवसर पर फ्रीगंज गुरुद्वारे में सुबह से अखंड पाठ का आयोजन किया गया। सुखमणि साहब का पाठ भी हुआ। सैकड़ों समाजजन यहां आयोजित किए गए धार्मिक आयोजनों में शामिल हुए। गुरुद्वारा के अध्यक्ष चरणजीत सिंह कालरा ने श्री गुरु तेग बहादुर की बाणी के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी समाज जनों को दी। उन्होंने बताया कि गुरु की बाणी 15 रागों में दर्ज है। इसमें 59 शब्द और 57 श्लोक शामिल हैं। गुरु जी के श्लोक श्री गुरु ग्रंथ साहिब में पृष्ठ 1426 से 1429 तक अंकित हैं। गुरु तेग बहादुर जी की बाणी का मुख्य उद्देश्य मानव को सांसारिक मोह माया से मुक्ति दिलाकर परमात्मा की स्तुति में लगाना है। कार्यक्रम में सुबह से ही सिख समाज के महिलाएं, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। पाठ की समाप्ति के बाद दोपहर में लंगर भी हुआ जिसमें समाजजनों ने प्रसादी ली।