उज्जैन। दुखों का स्मरण कर गुड फ्राइडे मनाने वाला ईसाई समुदाय आज खुशियों का पर्व ईस्टर संडे मना रहा है। ऋषिनगर स्थित कैथोलिक चर्च में रात 3 बजे विशेष प्रार्थना सभा हुई। जिसके बाद परिसर में ही जुलूस निकाला गया। समाजजनों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईस्टर की बधाई दी।
ईसाई समाज के प्रभु यीशु को गुड फ्राइडे के दिन सूली पर चढ़ाया गया था। उन्होने अपने प्राण त्याग दिये थे। 3 दिन बाद रविवार को वह पुन: जी उठे थे, इसी की याद में समाज ईस्टर पर्व मनाता है। आज ईस्टर पर्व की खुशियों में डूबा समाज रात ढाई बजे कैथोलिक चर्च पहुंच गया था। जहां 2.45 बजे प्रभात बंदना हुई और विशेष प्रार्थना का आयोजन किया गया। रात 3 बजे पुनरूत्थान की धर्मविधियां पूरी की गई। जिसके बाद चर्च परिसर में जुलूस निकाला गया और पवित्र बलिदान विशप स्वामी सेबास्टियन बडक्केल द्वारा किया गया। तड़के पांच बजे तक चर्च परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा। मसीही चर्च में सुबह 8.30 बजे ईस्टर पर्व की आराधना की गई।