मक्सीरोड उद्योगपुरी की आॅयल मिल में लगी भीषण आग -चार दमकलों की मदद से 1 घंटे में पाया गया काबू

उज्जैन। मक्सीरोड उद्योगपुरी में रविवार सुबह कपास आॅयल बनाने वाली मिल में आग लग गई। धुआं और लपटे उठती देख आसपास उद्योग कारखानों में काम करने वाले दहशत में आ गये। आग लगने की खबर मिलते ही फायर बिग्रेड की चार दमकले मौके पर पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। लेकिन इस बीच लाखों का नुकसान हो चुका था।
उद्योगपुरी में रमेश आॅयल मिल का संचालन सुरेश वाधवानी द्वारा किया जाता है। सुबह 8 बजे के लगभग अचानक मिल से काले धुएं का गुब्बार उठने लगा। कुछ देर में ही ऊंची लपटे दिखाई देने लगी। आसपास के उद्योगों में काम करने वालों ने आग लगने की सूचना फायर बिग्रेड को दी। चार दमकले मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। अंदर कपास और तेल रखा हुआ था, जिसके चलते आग की लपटे तेजी से उठ रही थी। बावजूद दमकल कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। मिल में रखी मशीने भी आग की चपेट में आ चुकी थी। वह कच्चा माल पूरी तरह से जल चुका था। गनीमत रही कि आग आसपास नहीं फैली अन्यथा बड़ी घटना हो जाती है। मिल संचालक सुरेश वाधवानी के अनुसार मिल 2 दिनों से बंद था। रिश्तेदारी में शादी होने पर पूरा परिवार गया हुआ था। मिल में कोई नहीं था। आग संभवत: शार्ट सर्किट से लगी है। जिसके चलते लाखो का नुकसान हुआ है।
तापमान के साथ बढ़ रहा बिजली का लोड़
गर्मी के चलते जहां तापमान में तेजी आ रही है। वहीं बिजली का लोड़ भी काफी बढ़ चुका है। जिसके चलते शार्ट सर्किट होना सामने आ रहा है। इसी वजह से आगजनी होना सामने आ रहा है। 2 दिन पहले महाकाल मंदिर क्षेत्र की हेरिटेज होटल के पीछे भी भीषण आग लग गई थी। फ्रीगंज क्षेत्र में ट्रांसफर्मर में शार्ट सर्किट होने से आगजनी सामने आई थी। गर्मी में प्रतिवर्ष आगजनी की घटना सामने आती है। नगर निगम का फायर बिग्रेड अमला तीन शिफ्ट में अलर्ट पर है। खबर मिलते ही दमकले मौके पर पहुंच रही है।

Author: Dainik Awantika

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *